अमरीका फिर फोड़ेगा टैरिफ बम, भारत समेत इन छह देशों पर 25 फीसदी कर का प्रस्ताव, चीन पर लगेगा इतना टैक्स

By: Nov 26th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत पर एक बार फिर टैरिफ बम फोडऩे की तैयारी मेें हैं। अमरीका ने भारतीय सामान पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। भारत के साथ ही छह और देशों पर भी 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, जबकि चीन पर यही टैरिफ 40 फीसदी करने का प्रस्ताव रखा गया है। एक ऑफिशियल बयान के मुताबिक, भारत उन सात देशों में शामिल है, जिन पर यूएस ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के नए प्लान के तहत 25 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही 25 फीसदी टैरिफ प्रस्ताव में कंबोडिया, इंडोनेशिया, साउथ कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड भी शामिल हैं। इसके अलावा, यूएसटीआर ने बांग्लादेश, यूरोपीय संघ (ईयू), जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर के लिए 20 फीसदी तक, वियतनाम के लिए 35 फीसदी तक और चीन के लिए 40 फीसदी तक टैरिफ दरें प्रस्तावित की हैं।

इसके साथ ही यूएसटीआर ने बताया कि कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड और बांग्लादेश के लिए टैरिफ दरें अधिकतम 18 फीसदी तक सीमित रहेंगी। दक्षिण कोरिया, ताइवान, ईयू, जापान और स्विट्जरलैंड के लिए ये दरें 15 फीसदी (मोस्ट फेवर्ड नेशन ड्यूटी को छोडक़र) होंगी और चीन के लिए पहले से लागू शुल्कों के ऊपर 20 फीसदी की अतिरिक्त दर होगी। ब्राजील के लिए प्रस्तावित टैरिफ बदलावों पर 14 जनवरी, 2027 को सुनवाई होगी।

इसलिए हो रही तैयारी

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया था कि अमरीकी राष्ट्रपति का एडमिनिस्ट्रेशन उन देशों पर पहले से लागू टैरिफ को बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, जिन पर उन्होंने सबसिडी और दूसरी सरकारी मदद के जरिए घरेलू इंडस्ट्रीज को सपोर्ट करने का आरोप लगाया है। इस बीच, अब रॉयटर्स की रिपोर्ट आई है कि अमरीका ने चीन, भारत समेत कई दूसरी बड़ी इकॉनमी पर टैरिफ का ऐलान किया है। यह इंडस्ट्रियल सबसिडी पर यूएस की महीनों लंबी जांच के बाद हुआ है, जिसके बारे में अमरीका का तर्क है कि इससे विदेशी मैन्युफैक्चरर्स को अमरीकी कंपनियों पर गलत फायदा मिलता है, क्योंकि इससे वे सस्ते में सामान बनाते हैं और बड़ी तादाद में इंटरनेशनल मार्केट में पहुंचाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App