मुख्यमंत्री सुक्खू जनवरी में करेंगे ढगवार मिल्क प्लांट का उद्घाटन, पशुपालकों को मिलेगा दूध का उचित मूल्य

By: Nov 26th, 2026 12:01 am

अत्याधुनिक दुग्ध संयंत्र से पशुपालकों को मिलेगा दूध का उचित मूल्य

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश में दुग्ध उत्पादन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। किसानों और पशुपालकों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार कांगड़ा के ढगवार में करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अनुसार इस संयंत्र का लोकार्पण जनवरी, 2027 में किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस संयंत्र के शुरू होने से गांवों से दूध के व्यवस्थित संग्रहण और उसके वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण की व्यवस्था मजबूत होगी। इससे दुग्ध उत्पादकों को अपने दूध के लिए बेहतर और उचित मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर दूध की खरीद और प्रसंस्करण बढऩे से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। ढगवार में स्थापित किया जा रहा यह संयंत्र दूध के संग्रहण और प्रसंस्करण के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

गांवों से दूध को व्यवस्थित तरीके से एकत्र कर प्रसंस्करण केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे पशुपालकों को दूध बेचने के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और दूध की खरीद में बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। प्रदेश सरकार कृषि और पशुपालन क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्त्वपूर्ण आधार मानते हुए किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर दे रही है। ढगवार में आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना से दूध उत्पादकों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध का उचित मूल्य, स्थानीय बाजार को बढ़ावा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। जनवरी 2027 में संयंत्र के लोकार्पण के बाद इसके माध्यम से प्रदेश के दुग्ध क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मजबूत होगी अर्थव्यवस्था

दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर दूध और उससे तैयार होने वाले उत्पादों की उपलब्धता बढऩे की उम्मीद है। इससे स्थानीय बाजार को बढ़ावा मिलेगा और आय के नए अवसर पैदा होंगे। उत्पादन बढऩे पर इसका लाभ ग्रामीण परिवारों को होगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में परिवार दुग्ध उत्पादन और पशुपालन से जुड़े हैं। सरकार का प्रयास है कि इन परिवारों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिले और आय के अवसर मजबूत हों। ढगवार का यह संयंत्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App