पंच भीष्म महापर्व पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भक्तों ने धूने पर टेका माथा, नारी आश्रम में महायज्ञ के दौरान देश-प्रदेश से पहुंचे श्रद्धालु
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम नारी में पंच भीष्म पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक समागम में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आश्रम परिसर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढऩे के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और दोपहर तक पवित्र अखंड धूने के दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने कतारबद्ध होकर धूने पर माथा टेका और डेरा के अधिष्ठाता आचार्य हेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आचार्य हेमानंद जी महाराज की अगुवाई में पंच भीष्म महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं। वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न करवाए गए। महायज्ञ के दौरान आश्रम परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। दिनभर भजन-कीर्तन और प्रवचनों का दौर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ कमाया। पंच भीष्म पर्व के उपलक्ष्य में आश्रम में एक सप्ताह तक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान 108 विद्वान प्रतिदिन पाठ और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। डेरा बाबा रुद्रानंद समिति की ओर से हर वर्ष आयोजित होने वाले इस महायज्ञ में इस बार भी देश-प्रदेश के विद्वान पंडित शामिल हुए हैं। उनके सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक मंत्रोच्चारण किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
