विधायकों की गाडिय़ों पर लगी नीली झंडी

By: Nov 17th, 2026 12:01 am

तपोवन में पहली बार दिखी नई व्यवस्था, विधानसभा सचिवालय ने जारी किए फ्लैग

स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला
धर्मशाला के तपोवन में सोमवार से शुरू हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधायकों की गाडिय़ों पर पहली बार सामूहिक रूप से विधानसभा की ओर से जारी विशेष नीली झंडियां नजर आईं। प्रदेश के सभी विधायकों को अब अपनी गाडिय़ों पर विशिष्ट पहचान वाली झंडी लगाने की सुविधा मिल गई है। विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी विधायकों को ये झंडियां उपलब्ध करवाई गई हैं। विधायकों की गाडिय़ों पर विशेष झंडी लगाने की मांग लंबे समय से विधानसभा में उठ रही थी।

बजट सत्र के दौरान विधायकों ने तपोवन विधानसभा के सदन में सवाल उठाया था कि जब मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक जैसे अधिकारियों की गाडिय़ों पर विशेष झंडी लग सकती है, तो निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को यह सुविधा क्यों नहीं दी जा रही है। विधायकों का तर्क था कि लालबत्ती और फ्लैशर की व्यवस्था समाप्त होने के बाद उनकी गाडिय़ों की अलग पहचान नहीं रह गई है। वहीं, इस मांग पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मानसून सत्र के अंतिम दिन तीन सितंबर को सदन में विशेष पहचान झंडी देने की घोषणा की थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने झंडियां तैयार करवाकर सभी विधायकों को उपलब्ध करवाईं। ये झंडियां पंजाब के मलेरकोटला में तैयार करवाई गई हैं। विशेष झंडी लगाने का उद्देश्य विधायकों को आधिकारिक पहचान देना है, ताकि उनकी गाडिय़ों को दूर से ही पहचाना जा सके। प्रदेश के बाहर भी विधायक इन झंडियों का इस्तेमाल कर सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App