कांग्रेस यूपी चुनाव के लिए तैयार, शीट शेयरिंग पर बैठक से पहले सपा को सौंपी 181 नामों की लिस्ट
दिल्ली में मंथन, शीट शेयरिंग पर बैठक से पहले सपा को सौंपी 181 नामों की लिस्ट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए मंगलवार को बैठक होगी। कांग्रेस के नेताओं ने मल्लिकार्जुन खडग़े से बातचीत के बाद यह जानकारी दी। इससे पहले कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। खास बात यह है कि इस सूची में कुछ ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जहां फिलहाल सपा के विधायक हैं। ऐसे में सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना दोनों दलों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कांग्रेस की सूची में कई ऐसी सीटें हैं, जहां पार्टी लंबे समय से चुनाव नहीं जीत सकी है। सपा से गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतर रही यूपी कांग्रेस के नेताओं के साथ नई दिल्ली में शीर्ष नेताओं ने बैठक की। इस दौरान सपा से शीट शेयरिंग पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आवास पर हुई बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद उपस्थित रहे। बैठक के बाद यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि पार्टी नेताओं ने संगठन के कामकाज को लेकर चर्चा की। दिसंबर के पहले हफ्ते से चुनावी अभियान शुरू होने की उम्मीद है। वहीं सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दिसंबर की शुरुआत से कांग्रेस पूरे यूपी भर में रैलियां और यात्राएं निकालेगी। सोमवार को संगठन के कामकाज को लेकर बैठक हुई। मंगलवार को जब सपा नेताओं के साथ बैठक होगी, तब सीटों के मुद्दे पर बातचीत की जाएगी।
पांच सदस्यीय कमेटी करेगी सीटों पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि सपा हमारी महत्त्वपूर्ण सहयोगी है। सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। सबको साथ लेकर चलना होगा। बैठक में सपा से सीट शेयरिंग पर चर्चा करने के लिए कमेटी बनाई गई है, इसे प्रियंका गांधी लीड करेंगी। कमेटी में केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, यूपी के वर्किंग प्रेसिडेंट इमरान मसूद शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में तीसरी जीत को भाजपा की चिंतन बैठक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपने चुनावी अभियान और एजेंडे को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मथुरा में सोमवार से बीजेपी की दो दिवसीय चिंतन बैठक चल रही है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश नेतृत्व के 54 सदस्य शामिल हुए हैं। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस कॉन्फे्रंस कर पार्टी की तैयारियों और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी 2027 में भारी बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। मथुरा में चल रही बैठक के बीच केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी मंदिर बनेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
