बांग्लादेश में लॉकडाउन से हाहाकार; विदेश राज्य मंत्री के घर में लगाई आग, अब तक चार की मौत

By: Nov 21st, 2026 12:01 am

एजेंसियां — ढाका
पिछले कुछ सालों से भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी से पहले पड़ोसी देश में हाहाकार मचा हुआ है। प्रतिबंधित हसीना की पार्टी अवामी लीग ने देश में बंद बुलाते हुए ‘लॉकडाउन’ लगा दिया, जिसकी वजह से कई शहरों में जमकर हिंसा, आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

बांग्लादेश के मंत्री हुमायूं कबीर के मकान को भी आग लगा दी गई। हालांकि, राहतभरी बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि गेट पर कोई पेट्रोल बम से हमला नहीं किया गया, बल्कि बदमाशों ने पॉलीथीन जलाकर आग लगाने की कोशिश की। मंत्री के आवास पर जहां आग लगाई गई थी, वहां सुबह गेट के लोहे पर जलने के निशान दिखाई दिए। जमीन पर राख और पॉलीथीन जली हुई पाई गई। अवामी लीग द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन और बंद के बीच बांग्लादेश में कई जगहों पर झड़पों की घटनाएं सामने आईं।अलग-अलग मामलों में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी से जुड़े दो नेताओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग की भी जान चली गई। इस तरह इन घटनाओं में कुल चार लोगों के मरने की जानकारी अब तक सामने आई है।

देश में अशांति फैलाने के लिए आगजनी
अवामी लीग द्वारा बुलाई गई हड़ताल के दौरान हुई हिंसक घटनाओं पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अवामी लीग के समर्थक देश में अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने जनता से एकजुट होकर आतंकवाद, हत्याओं और चुनाव में धांधली की राजनीति को फिर से शुरू करने की कोशिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App