ठियोग-कोटखाई में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य सप्लायर हरियाणा से गिरफ्तार

By: Nov 16th, 2026 4:45 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिट्टा सप्लाई करने वाले एक मुख्य सप्लायर को हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 ग्राम चिट्टा, एक लाख 2 हजार 500 रुपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई के बाद मामले में कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद हो चुका है। पुलिस ने यह कार्रवाई बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर की है, यानी स्थानीय स्तर पर पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद नशे की सप्लाई के असली स्रोत तक पहुंच बनाई गई।

यह कार्रवाई पुलिस थाना ठियोग में दर्ज अभियोग संख्या 170/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026, धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार 12 नवंबर को कार्रवाई के दौरान पपिल भूषण निवासी तहसील कोटखाई, उम्र 37 वर्ष और सुरेश निवासी कोटखाई, उम्र 39 वर्ष को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों से पूछताछ की और नशे की सप्लाई के पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई।

पूछताछ और कॉल डिटेल के विश्लेषण में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी ओमकार उर्फ ओमी पुत्र तुलसी राम, निवासी ठियोग, जो वर्तमान में पिंजौर, जिला पंचकूला, हरियाणा में रह रहा था, से फोन के माध्यम से चिट्टा खरीदते थे। इसके बदले भुगतान नकद किया जाता था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर सप्लाई के स्रोत की पहचान की और एक टीम को पिंजौर भेजा। पुलिस टीम ने 15 नवंबर को पिंजौर में आरोपी ओमकार उर्फ ओमी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके ठिकाने की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 49 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा/हेरोइन, 1,02,500 रुपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन मिली। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी और वेटिंग मशीन से भी नशे की सप्लाई से जुड़े होने के महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ओमकार उर्फ ओमी के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी इन मामलों के बाद भी नशे के कारोबार से जुड़ा रहा और ठियोग-कोटखाई क्षेत्र में बड़े स्तर पर चिट्टे की सप्लाई करता रहा। वह पिंजौर, हरियाणा में रहकर हिमाचल प्रदेश के युवाओं तक नशे की खेप पहुंचा रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ कार्रवाई को केवल स्थानीय स्तर पर नशा बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं रखा गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई के पीछे मौजूद मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचने पर विशेष जोर दे रही है। इसी अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य सप्लायरों को विशेष अभियान चलाकर बाहरी राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में ऐसे केवल आठ और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। पुलिस के अनुसार बैकवर्ड लिंकेज के जरिए वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त किया गया है।

शिमला पुलिस के अनुसार ठियोग मामले में भी इसी रणनीति के तहत पहले स्थानीय स्तर पर 23 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपियों को पकड़ा गया और फिर पूछताछ तथा तकनीकी जांच के आधार पर सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई गई। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ओमकार उर्फ ओमी के संपर्क में हिमाचल और अन्य राज्यों के कितने लोग थे तथा नशे की सप्लाई का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App