मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार, ओडिशा के 11 पर्यटक घायल

By: Nov 16th, 2026 3:56 pm

मणिकर्म। जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सरसाड़ी के समीप एक टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ओडिशा के 11 पर्यटक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। यहां सभी घायलों का उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार ओडिशा के पर्यटक टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर मणिकर्ण घाटी की यात्रा पर निकले थे। इसी दौरान भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर सरसाड़ी नामक स्थान के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार 11 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। सभी घायल ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा किन कारणों से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App