रिटेल के बाद बढ़ी थोक महंगाई, 50 महीने के उच्चतम स्तर पर
ईंधन और बिजली की कीमतों में भारी उछाल
अक्तूबर में थोक महंगाई दर 12.29 फीसदी पर पहुंची
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
देश में महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। अक्तूबर महीने में खुदरा महंगाई दर में तेज उछाल के बाद अब थोक महंगाई दर भी रिकार्ड तेजी से बढ़ गई है। थोक महंगाई अक्तूबर 2026 में बढक़र 12.29 फीसदी पर पहुंच गई है। सितंबर में यह 11.39 फीसदी थी। यानी एक महीने के दौरान थोक महंगाई में 0.90 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह थोक महंगाई 50 महीने के हाई पर पहुंच गई है। थोक महंगाई दर अगस्त 2022 के बाद पहली बार 12 फीसदी से ज्यादा हुई है। अगस्त 2022 में थोक महंगाई दर 12.41 फीसदी पर आई थी। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, महंगाई बढऩे की सबसे बड़ी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में तेज उछाल है।
अक्तूबर में ईंधन और बिजली की महंगाई दर बढक़र 32.84 फीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 25.85 फीसदी थी। वहीं, खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा के सामान की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर में वस्तुओं की महंगाई दर 9.24 फीसदी रही, जो सितंबर में 8.67 फीसदी थी। इस कैटेगरी में कच्चा माल, खाने की चीजें और अन्य प्राथमिक उत्पाद शामिल होते हैं. वहीं, तैयार उत्पादों की महंगाई दर अक्तूबर में 9.54 फीसदी रही। सितंबर में यह 9.76 फीसदी थी यानी इस श्रेणी में मामूली राहत देखने को मिली है। थोक महंगाई बढ़ाने में खनिज तेल, कच्चा पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य वस्तुएं, धातु, रसायन, खाद्य उत्पाद, कपड़े और रबर-प्लास्टिक से जुड़े उत्पादों का बड़ा योगदान रहा। खासतौर पर ईंधन और बिजली की कीमतों में तेजी ने महंगाई का दबाव बढ़ाया है। बता दें कि पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के अनुसार, खुदरा महंगाई भी अक्तूबर में 6.09 प्रतिशत रही थी। यह दो साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक की ऊपरी तय सीमा से अधिक रही थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
