बर्फ में सैलानियों की अठखेलियां

By: Dec 15th, 2019 12:30 am

मौसम के खुलते ही मालरोड-नेहरू कुंड में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, पर्यटन कारोबारी खुश

मनाली – मनु की नगरी में विंटर सीजन के पहले भारी हिमपात ने मनाली के पर्यटन करोबार को रफ्तार दे डाली है। शनिवार को मौसम के खुलते ही सैलानी जहां होटलों से बाहर निकल मनाली के मालरोड पर पहुंचे, वहीं सैलानियों ने नेहरू कुंड के पास बने स्नो प्वाइंट पर जमकर मस्ती की। मनाली में गिरी बर्फ के बीच दिन भर जहां सैलानी सैलफियां लेते रहे, वहीं यहां के ठंडे मौसम का भी जमकर लुत्फ उठाते रहे। विंटर सीजन के पहले भारी हिमपात ने मनाली में पर्यटकों की चहलकदी भी बढ़ा दी है। हालांकि सैलानियों को रोहतांग की तरफ जाने की अभी अनुमति नहीं है और न ही सैलानी सोलंगनाला पहुंच पा रहे हैं। सड़क पर अधिक बर्फ होने से यहां वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी हुई है। ऐसे में शनिवार को मौसम के खुलते ही होटलों में दुबके सैलानियों ने मनाली के मालरोड पर जमकर बर्फ के बीच मस्ती की। कुछ सैलानी नेहरू कुंड के स्नो प्वाइंट पर पहुंचे और यहां दिन भर बर्फ ेबीच अटखेलियां करते रहे। बर्फबारी के कारण मनाली के पर्यटन करोबार ने जहां रफ्तार पकड़ ली है। पर्यटन नगरी मनाली में सर्दियों का पहला भारी हिमपात होने से सैलानी गदगद हैं। शनिवार को मनाली के विभिन्न स्नो प्वाइंट्स पर बर्फ  का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।  इसके आलावा सैलानियों ने मढ़ी और आसपास के स्नो प्वाइंट का भी रुख किया। इस दौरान सैलानियों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की साथ ही बर्फ के बीच फोटो भी खिंचवाए। पर्यटकों में बर्फ  को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। मनाली मालरोड, रामबाग, नेहरू पार्क में बर्फ  में स्कीइंग और याक पर फोटो लेकर सैलानियों ने टूअर को यादगार बनाया। कड़ाके की ठंड के बावजूद सैलानी बर्फ  का जमकर आनंद ले रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App