भजन-कीर्तन से गूंजा चंबा; मणिमहेश को निकले श्रद्धालु
छोटे न्हौण की आस्था; भद्रवाह से चंबा पहुंचा 40 शिवभक्तों का जत्था, डल में डुबकी को उमड़े शिवभक्त
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जन्माष्टमी के छोटे न्हौण के पावन अवसर पर मणिमहेश के पवित्र डल में आस्था की डुबकी लगाने के लिए जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह से करीब 40 श्रद्धालुओं का जत्था गुरुवार सुबह जिला मुख्यालय चंबा पहुंचा। शिवभक्तों के भजन-कीर्तन से शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक चौगान स्थित कला केंद्र में कुछ समय विश्राम करने के बाद आगामी यात्रा शुरू की। जत्थे का गुरुवार को रात्रि ठहराव रजेरा में रहेगा। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के डोडा, भद्रवाह और रामबन सहित विभिन्न क्षेत्रों से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु पैदल और वाहनों के माध्यम से मणिमहेश यात्रा पर पहुंचते हैं।
भद्रवाह से 22 अगस्त को पैदल रवाना हुआ यह जत्था विभिन्न पड़ावों पर रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को चंबा पहुंचा। श्रद्धालु रजेरा, लिल्ह, भरमौर और धनछो में ठहराव करते हुए तीन सितंबर की शाम मणिमहेश झील पहुंचेंगे। इसके बाद चार सितंबर को जन्माष्टमी के छोटे न्हौण पर पवित्र डल में आस्था की डुबकी लगाएंगे। श्रद्धालुओं के चंबा पहुंचने के साथ ही छोटे न्हौण के लिए जम्मू-कश्मीर से मणिमहेश की ओर पैदल यात्रियों की आवाजाही बढऩे लगी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
