आंखों पर पट्टी बांध प्रदर्शन करने उतरे छात्र
विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) में मांगों को लेकर छात्रों का विरोध बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर आंखों पर पट्टी बांधकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रतीकात्मक रूप से आंखों पर पट्टी बांधकर यह संदेश दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को देखने और सुनने के बावजूद लगातार अनदेखा कर रहा है। एबीवीपी एचपीटीयू के अध्यक्ष भवानी का कहना है कि लंबे समय से विद्यार्थियों की मूलभूत एवं शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़ी मांगें लंबित हैं। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को सरकारी विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने के बावजूद पर्याप्त सरकारी फंडिंग एवं शैक्षणिक संसाधनों की व्यवस्था नहीं हो पाई है, जिसका सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुविधाओं पर पड़ रहा है। छात्रों ने प्रमुख रूप से स्थायी कुलपति एवं डीन की नियुक्ति, विश्वविद्यालय को पर्याप्त सरकारी फंड उपलब्ध करवाने, विभागों में प्रैक्टिकल एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बजट, पुस्तकालय के समय में बढ़ोतरी, कैंटीन को शीघ्र शुरू करने, खेल सुविधाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों से संबंधित अन्य लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
अल्टीमेटम
छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक करने के लिए मजबूर होंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
