पेड़ों को बांधी राखी, चालकों को भी पहनाया रक्षा-सूत्र

By: Aug 28th, 2026 12:50 am

स्कॉलर्स स्टेयर्स हाई स्कूल चलेट में अनूठे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन, प्रकृति और सुरक्षा के प्रति संकल्प ने खींचा ध्यान, एक-दूसरे को दी पर्व की बधाई
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
रक्षाबंधन पर आमतौर पर भाई की कलाई पर राखी सजती है, लेकिन स्कॉलर्स स्टेयर्स हाई स्कूल चलेट में विद्यार्थियों ने इस पर्व को एक नई सोच और प्रकृति प्रेम के अनूठे संदेश के साथ मनाकर मिसाल कायम की। यहां विद्यार्थियों ने पेड़ों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधा और उन्हें हरियाली के सच्चे साथी के रूप में संजोने का संकल्प लिया। इतना ही नहीं, उन्हें रोजाना सुरक्षित विद्यालय पहुंचाने और घर वापस ले जाने वाले विद्यालय-वाहन चालकों की कलाई पर भी रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के पारंपरिक स्वरूप को सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ दिया।

पेड़ों को रक्षा-सूत्र बांधते हुए विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे वृक्षों की रक्षा करेंगे, उनकी देखभाल करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे। पेड़ों की कलाई पर बंधे रक्षा-सूत्र ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकृति ने हमें जीवन दिया है, उसकी रक्षा करना भी हमारा दायित्व है।वहीं, विद्यालय-वाहन चालकों को रक्षा-सूत्र बांधकर विद्यार्थियों ने उनके प्रति आभार जताया। विद्यार्थियों ने कहा कि चालक प्रतिदिन उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करते हैं और उनके इस जिम्मेदार दायित्व के प्रति सम्मान व्यक्त करना जरूरी है। विद्यार्थियों द्वारा चालकों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधने का दृश्य कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।विद्यालय के अध्यक्ष हर्ष शर्मा, निर्देशिका प्रीतिका शर्मा तथा प्रधानाचार्या ऋचा जसवाल ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पावन त्योहार है।

गीतों ने बांधा समां, संस्कारों से सराबोर हुआ स्कूल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन से जुड़े मनमोहक गीत प्रस्तुत कर माहौल को और खुशनुमा बना दिया। पारंपरिक रीति से रक्षा-सूत्र बांधकर विद्यार्थियों ने प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत किया। स्कॉलर्स स्टेयर्स हाई स्कूल चलेट का यह अनूठा आयोजन इस रक्षाबंधन पर एक खूबसूरत संदेश छोड़ गया।

राखी-मेहंदी प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
ऊना। कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल धुसाड़ा में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं राखियां बनाने, मेहंदी, कार्ड मेकिंग तथा थाली डेकोरेशन जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूल में राखी मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति का प्रदर्शन करते हुए सुंदर एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App