कृष्णानगर में निर्माणाधीन मकानों पर मंडराया खतरा
न्यू स्लॉटर हाउस के पास दोनों ओर नाले और ऊपर कच्ची चट्टान, बरसात में भूस्खलन की आशंका
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
कृष्णानगर वार्ड में न्यू स्लॉटर हाउस के पास राजीव आवास योजना के तहत बन रहे मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण स्थल के दोनों ओर नाले और ऊपर कच्ची चट्टान होने से बरसात के दौरान भूस्खलन और जमीन प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। मामले को लेकर नगर निगम के नामित पार्षद विनोद कुमार भाटिया ने निगम आयुक्त को पत्र भेजकर मौके का निरीक्षण करवाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। 24 अगस्त को भेजे पत्र में पार्षद ने बताया कि निर्माणाधीन आवासों के दोनों ओर नाले हैं, जबकि ऊपरी हिस्से में कच्ची चट्टान मौजूद है। बारिश के दौरान नालों में पानी का बहाव बढऩे और चट्टान खिसकने की स्थिति में मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ऐसे में निर्माण पूरा होने से पहले स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की तकनीकी जांच जरूरी है। पार्षद ने कहा कि इन आवासों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यदि भविष्य में भूस्खलन या किसी प्राकृतिक आपदा से मकानों को नुकसान पहुंचता है तो सरकारी धन की बर्बादी के साथ यहां रहने वाले लोगों की जान-माल को भी खतरा हो सकता है। बरसात के मौसम में चट्टान खिसकने और नालों में पानी बढऩे की आशंका को देखते हुए पार्षद ने मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेने की मांग की है। अब नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है।
तकनीकी जांच की मांग
विनोद कुमार भाटिया ने निगम आयुक्त से संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर नालों और कच्ची चट्टान की स्थिति की तकनीकी जांच करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि संभावित खतरे को निर्माण पूरा होने से पहले चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
