पांवटा से लेकर बद्दी तक छठ पर्व की धूम

By: Nov 16th, 2026 12:01 am

गुरु की नगरी में यमुना घाट पर उमड़ा सैलाब, जाम भी लगा, बीबीएन में पूर्वांचलियों ने की पूजा

टीम-पांवटा साहिब, बद्दी
पांवटा साहिब में छठ पर्व पर सोमवार को यमुना नदी के घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूर्वांचलवासियों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यमुना मंदिर के समीप स्थित घाट पर दोपहर से ही महिलाओं, बच्चों और पुरुषों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने घाट पर बनाई गई वेदियों पर फल, सब्जियां, मिठाइयां और गन्ने का प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद नदी में खड़े होकर सूर्य को अघ्र्य दिया और दीपदान किया। पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा और पूर्वांचल जन कल्याण समिति की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाता पुल के समीप बाता नदी पर भी छठ पूजा की गई। छठ पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से यमुना घाट जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिवसीय छठ पर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। बद्दी और नालागढ़ में पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं परिवार सहित पूजा स्थलों पर पहुंचीं। छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। बद्दी में पूर्वांचल मित्र सभा की ओर से शाहपुर स्थित सनसिटी अपार्टमेंट के सामने बाल्द नदी के छठ घाट पर पूजा का आयोजन किया गया। व्रती महिलाओं ने बांस के सूप और टोकरियों में नारियल, केला, सेब, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्पित की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App