कुलगाम में लश्कर आतंकियों की तलाश तेज, रातभर घेराबंदी के बाद सुबह फिर शुरू हुआ बड़ा ऑपरेशन

By: Nov 16th, 2026 12:31 pm

श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खुदवानी इलाके में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) जारी रखा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार खुफिया जानकारी के आधार पर सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने रविवार को यह अभियान शुरू किया था। अभियान की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी भी रविवार शाम इलाके में पहुंच गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि रातभर इलाके की कड़ी घेराबंदी बनाए रखी गई और आज सुबह तलाशी अभियान फिर शुरू किया गया। यह तलाशी अभियान बुधवार को सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के स्थान से करीब पांच किलोमीटर दूर चलाया जा रहा है। उस हमले में तीन जवान घायल हुए थे, जिनमें से एक की हालत गंभीर थी। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पिछले पांच दिनों के दौरान कुलगाम जिले के विभिन्न इलाकों में कई तलाशी अभियान चलाए हैं। बुधवार के हमले की जांच में कुलगाम निवासी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट की कथित संलिप्तता सामने आई है। उस पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई हमलों में शामिल होने का संदेह है। पुलिस ने मोहम्मद लतीफ भट को घाटी में फिलहाल सक्रिय एकमात्र जीवित स्थानीय आतंकवादी बताया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App