चंबा में 50 रुपए किलो खरीदी मक्की, किसानों के चेहरे खिले

By: Nov 17th, 2026 12:01 am

प्राकृतिक खेती की फसल को मिला सरकारी समर्थन, बालू खरीद केंद्र में पहले दिन 37 किसानों से खरीदी 35 क्विंटल खेप

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा विकास खंड में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की सरकारी खरीद सोमवार से बालू स्थित खरीद केंद्र में शुरू हो गई। इस मौके पर एपीएमसी के चेयरमैन ललित ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे। एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मक्की का समर्थन मूल्य 50 रुपए प्रति किलोग्राम निर्धारित करना किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 21,850 किसान प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत हैं और 4,529 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

परियोजना निदेशक आत्मा नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि बालू स्थित प्राकृतिक उत्पाद खरीद केंद्र में सोमवार को 37 किसानों से 35 क्विंटल मक्की खरीदी गई। प्रथम चरण में चंबा विकास खंड के किसानों से मक्की की खरीद की जा रही है। इसके लिए बालू, बनीखेत और चुवाड़ी (भटियात) में खरीद केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के निर्देशानुसार चौगान नंबर-2 में प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को प्राकृतिक उत्पादों की मंडी भी लगाई जा रही है। उप परियोजना निदेशक आत्मा डा. शिवानी राणा ने बताया कि इस वर्ष मक्की का समर्थन मूल्य 40 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए प्रति किलोग्राम किया गया है। पांगी के जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80 रुपए, गेहूं का 80 रुपए, अदरक का 40 रुपए और कच्ची हल्दी का 150 रुपए प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष केवल पारंपरिक बीजों से उत्पादित मक्की की खरीद की जा रही है। खरीद प्रक्रिया 15 से 20 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की का उचित मूल्य मिलने पर प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने बताया कि पहले मक्की 15 से 25 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिकती थी, जबकि अब सरकारी खरीद के तहत 50 रुपए प्रति किलोग्राम मिल रहे हैं। प्रदेश सरकार की यह पहल प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App