होमगार्डस को 365 दिन ड्यूटी उपलब्ध करवाने को बने नीति, सरकार से गुहार, यह सुविधा भी मांगी

By: Nov 16th, 2026 10:21 pm

एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से लगाई गुहार, ईपीएफ की सुविधा भी मांगी

कार्यालय संवाददाता — नादौन

हिमाचल प्रदेश होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह चोडिया ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश के सभी होमगार्ड जवानों को 365 दिन ड्यूटी उपलब्ध करवाने के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए तथा ईपीएफ की सुविधा शीघ्र लागू की जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के दौरान होमगार्ड जवानों को 12 महीने यानी 365 दिन ड्यूटी देने की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद आज तक इस घोषणा को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई गई है। विभाग द्वारा उच्च न्यायालय के समक्ष भी 365 दिन ड्यूटी उपलब्ध करवाने का पक्ष रखा गया है।

ऐसे में आवश्यक है कि प्रदेश के सभी जिलों में कार्यरत प्रत्येक होमगार्ड जवान को समान रूप से 365 दिन ड्यूटी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ठोस नीति अधिसूचित करे। अध्यक्ष ने कहा कि होमगार्ड जवानों को ईपीएफ सुविधा भी प्रदान की जाए। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक सह कमांडेंट जनरल होमगाड्र्स से आग्रह किया है कि छह दिसंबर होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर इन दोनों मांगों के संबंध में ठोस घोषणा की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App