भारत को बांटने की हो रही कोशिश, मोहन भागवत बोले; विदेशी ताकतें नहीं चाहती, महान राष्ट्र बने

By: Nov 17th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— जोधपुर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत को विश्व का मार्गदर्शक बनाने के लिए केवल किसी एक संगठन, नेता या व्यक्ति के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज को संगठित होकर खड़ा होना होगा। समाज की सामूहिक शक्ति जब जागृत होती है, तो असंभव दिखाई देने वाले कार्य भी सिद्ध हो जाते हैं। इसके लिए देश के प्रत्येक गांव, गली और मोहल्ले में 25, 50 या 100 ऐसे सेवाभावी, चरित्रवान और नि:स्वार्थ लोग तैयार होने चाहिएं, जो समाज के सुख-दुख में साथ खड़े हों और अपने आचरण से दूसरों के सामने आदर्श प्रस्तुत करें।

जोधपुर के शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत स्तरीय घोष वर्ग मरु निनाद-2026 के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि संघ का एक ही लक्ष्य है भारत माता की जय। उन्होंने कहा कि हमारा ध्येय है कि भारत का वैभव अमर रहे। देश का उत्थान किसी एक समूह या नेता से नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की सक्रिय भागीदारी से संभव है। समाज की संगठित शक्ति के भरोसे ही धर्म का संरक्षण और राष्ट्र का परम वैभव प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत को बांटने के प्रयास किए जा रहे हैं, भागवत ने इसकी तुलना अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से की। उन्होंने कहा भारत आज सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन दुनिया की कुछ ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत एक महान राष्ट्र बने।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App