काफिले-सायरन-पुलिस के पहरे से धर्मशाला की सुरक्षा कड़ी
धर्मशाला में वीआईपी मूवमेंट तेज, सडक़ों पर दौडऩे लगे सरकारी काफिले, शांत शहर में सियासी हलचल तेज
नगर संवाददाता- धर्मशाला
आम दिनों में शांत पहाड़ी नगर के रूप में पहचाने जाने वाले धर्मशाला का वातावरण इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चलते सोमवार से शहर में विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही शुरू हो गई। सडक़ों पर दौड़ते सरकारी वाहनों, काफिलों के सायरनों और जगह-जगह तैनात पुलिस जवानों की मौजूदगी से शहर में अलग ही चहल-पहल देखने को मिल रही है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही धर्मशाला विधानसभा सत्र के रंग में रंगता नजर आ रहा है। सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कांगड़ा पुलिस की ओर से विधानसभा परिसर सहित पूरे धर्मशाला शहर को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की दृष्टि से 11 क्षेत्रों में बांटा गया है। करीब 800 पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस जवान मुस्तैदी से ड्यूटी निभाते नजर आ रहे हैं।
रात को रोशनी से जगमगा रहे सरकारी भवन
विधानसभा सत्र के स्वागत के लिए शहर के सरकारी भवनों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। दिन ढलते ही ये भवन रोशनी से जगमगाने लगते हैं, जिससे शहर की सुंदरता में और निखार आ रहा है। दिनभर सरकारी वाहनों और सुरक्षा काफिलों की आवाजाही तो रात को रोशनी से सजे भवन धर्मशाला को एक अलग ही रूप दे रहे हैं। कुल मिलाकर, विधानसभा सत्र ने धर्मंशाला की दिनचर्या में नई हलचल भर दी है। आम दिनों में जहां शहर की पहचान शांत वातावरण और पहाड़ी सुकून से होती है, वहीं इन दिनों सायरनों की गूंज, सडक़ों पर दौड़ते सरकारी वाहनों और सैकड़ों सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी से शहर का नजारा बदला हुआ है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों की मौजूदगी ने शांत पहाड़ी नगर को इन दिनों प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
