सदन में याद किए गए नंदलाल-मनकोटिया, सत्र के पहले दिन शोकोद्गार से शुरू हुई सदन की कार्यवाही

By: Nov 17th, 2026 12:07 am

वरिष्ठ संवाददाता — तपोवन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन की कार्यवाही गमगीन माहौल के बीच शुरू हुई। सदन में वर्तमान सदस्य नंदलाल तथा पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोनों दिवंगत नेताओं के सम्मान में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने समर्थन किया। पमुख्यमंत्री सुक्खू ने शोक प्रस्ताव रखते हुए कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल का तीन नवंबर, 2026 को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 16 अप्रैल, 1954 को शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के गांव देवठी में जन्मे नंदलाल ने ग्रामीण परिवेश में शिक्षा प्राप्त करने के बाद आईटीबीपी अकादमी से प्रशिक्षण लेकर कमांडो दल में सेवाएं दीं। वर्ष 2007 में केंद्रीय सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद वह रामपुर से पहली बार विधायक बने और इसके बाद 2012, 2017 तथा 2022 में लगातार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। वे 23 मई 2013 से 20 दिसंबर 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव भी रहे।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर भी शोक जताया। उनका 29 सितंबर, 2026 को 87 वर्ष की आयु में देहांत हो गया था। उन्होंने कहा कि 23 नवंबर, 1939 को कांगड़ा जिले में जन्मे मनकोटिया का चयन वर्ष 1960 में भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के लिए हुआ था। वर्ष 1962 में विशेष योग्यता के लिए स्वोर्ड ऑफ ऑनर और स्वर्ण पदक के साथ वह सेना में नियुक्त हुए। वर्ष 1976 में सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वह कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1982, 1985, 1990, 1993 और 2003 में पांच बार विधायक निर्वाचित हुए। प्रदेश सरकार में उन्होंने 1995 से 1998 तक तथा मार्च 2003 से छह जुलाई 2004 तक पर्यटन, नागरिक उड्डयन एवं विधि मंत्री के रूप में कार्य किया।

नेगी बोले, दोनों नेताओं का योगदान महत्त्वपूर्ण

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शोक प्रस्ताव में शामिल होते हुए सदन में कहा कि दोनों नेताओं ने स्वेच्छा से सेवानिवृत्त् िलेकर राजनीति में कदम रखा। दोनों नेताओं ने राजनीति में भी अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों ऐसे राजनेता रहेएजिन्होंने हमेशा अनुशासन में रहकर अपनी राजनीतिक जिम्मेवारियां का निर्वहन किया। इनसे हमें सीख लेने की आवश्यकता है।

जयराम ने कहा, दलगत राजनीति से परे थे दोनों

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन ने अपने दो वरिष्ठ साथियों को खोया है। दोनों नेता दलगत तल्खी या राजनीतिक विरोध के बजाय एक विशुद्ध जनप्रतिनिधि के रूप में सटीक और रचनात्मक सुझाव देते थे। सदन में विधायक विपिन सिंह परमारए मोहन लाल ब्राक्टाए डाण् हंसराज ने भी शोक प्रस्ताव में खुद को शामिल करते हुए दिवंगत नेताओं को याद किया।

रोहित ठाकुर बोले, पक्के फाइटर थे मेजर-नंदलाल

शोक प्रस्ताव में खुद को शामिल करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नंद लाल शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के चार बार विधायक चुनकर आए। वह सच्चे पक्के और सरल स्वभाव वाले व्यक्ति थे। वहीं, पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया की छवि फाइटर वाली थी। दोनों नेताओं ने देश की सेवा करने के बाद प्रदेश के विकास में योगदान दिया।

मनकोटिया के विकास के रोडमैप पर काम करेंगे

विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए एक रोडमैप के तहत काम किया है। केवल सिंह ने कहा कि उनके द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए जो रोडमैप बनाया गया है, उसी को लेकर हम आगे बढ़ेंगे। यहीं उनके लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App