ठियोग ब्लॉक में नई कार्यकारिणी का गठन

By: Jan 30th, 2017 12:05 am

ठियोग – ठियोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कार्यकारिणी का गठन कर लिया है। पिछले काफी समय से ठियोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित प्रदेश सरकार की वरिष्ठ मंत्री विद्या स्टोक्स से कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा चल रही थी। क्योंकि इससे पहले भी ठियोग ब्लॉक के नए अध्यक्ष बने ब्रह्मानंद शर्मा की नियुक्ति को लेकर भी काफी समय तक विवाद चलता रहा, जिसके बाद कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी अध्यक्ष की नियुक्ति के दो पदाधिकारियों के चयन को लेकर दोबारा विचार-विमर्श चल रहा था। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा के नेतृत्व वाली इस ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में सात उपाध्यक्ष, सात महासचिव, पांच सचिव, एक कोषाध्यक्ष और एक संगठनात्मक सचिव की तैनाती की गई है।  विधानसभा चुनाव में मोर्चाबंदी के लिए नई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पंचायतीराज संस्थाओं के प्रमुख पूर्व प्रतिनिधियों को भी तरजीह दी गई है। इस बारे में ठियोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा ने कहा है कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष के पद पर लोकेंद, रोशन, राजगोपाल, चेतराम, अशोक, नरेश और सत्या पृष्ट को नियुक्त किया गया है। महासचिव के पद पर संदीप भारद्वाज, दीपराम वर्मा, दिनेश चंदेल, कपिल शर्मा, जीतराम शर्मा, वनिता वर्मा और विनायक सिंह को चुना गया है। इनके अलावा कोषाध्यक्ष के पद पर श्याम हेटा संगठनात्मक सचिव सुरेश वर्मा और सचिव श्याम सिंह, वीरेंद्र वर्मा, जगत राम वर्मा, गीताराम और देवकी को तैनात किया गया है। इसके अलावा संबंधित ब्लॉक से विधायक, पूर्व विधायक, सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकारिणी के सदस्य, अग्रणी संगठन तथा कांग्रेस विचारधारा से जुड़े पंचायत के प्रतिनिधि भी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कि ब्लॉक की कार्यकारिणी का गठन सभी में समन्वय बनाकर किया गया है और उन लोगों को कमेटी में लिया गया है, जो कि कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह गठन पार्टी की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देश पर किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App