शिमला में महिला से 16 लाख की ठगी

By: Jul 3rd, 2017 12:01 am

ब्रिटेन का वीजा लगाने के बहाने शातिर ने लगाई चपत, ई-मेल के जरिए आई झांसे में

 शिमला —  शिमला में एक महिला से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ने महिला को विदेश के लिए वीजा लगाने और एक कंपनी में काम का झांसा दिया था। शातिर ने इसके लिए महिला से करीब 16 लाख रुपए एंठ लिए हैं। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस द्वारा बार-बार आगाह करने पर भी प्रदेश में लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंस रहे हैं। शिमला में भी शातिरों ने महिला को निशाना बनाया है। एक शातिर ने महिला को ब्रिटेन में काम के लिए वीजा लगाने का झांसा दिया था। पीडि़त महिला संजौली की रहने वाली है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी ई-मेल पर ब्रिटेन से एक व्यक्ति का मेल आया था। व्यक्ति ने परिचय लियोनल व्हाइट नामक शख्स के तौर पर दिया और बताया कि वह इंगलैंड में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में तैनात है। मेल में महिला को उस शातिर ने बताया कि वह महिला को अपनी कंपनी काम देगा। शातिर ने महिला को बताया कि वह उसका वीजा फार्म भर रहा है और इसको कंपनी के माध्यम से भारत में ब्रिटेन के हाई कमिश्नर कार्यालय भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि शख्स ने महिला को फोन नंबर भी दिया था। महिला इस नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से उस शख्स के साथ बराबर संपर्क में थी। 22 मई को महिला के मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें एक व्यक्ति ने बताया कि वह दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर कार्यालय से बोल रहा है।

अलग-अलग खातों में डाल दिए पैसे

महिला को बताया गया कि उसका ब्रिटेन के लिए वीजा लग रहा है जिसके लिए शुल्क के तौर पर 89 हजार एक खाते में जमा करवाने होंगे। महिला ने ये पैसे एक खाते में जमा करवाए। इस दौरान शातिर महिला को भरोसा दिलाता रहा कि उसका वीजा लग रहा है। इसके बाद शातिर ने महिला को काम दिलाने के नाम पर और पैसे विभिन्न खातों में जमा करवाने के लिए कहा। महिला ने भी शातिर के कहने पर इन खातों 16 लाख रुपए जमा करवाए। महिला ने बाद में उस नंबर पर संपर्क किया, लेकिन यह नंबर बंद पाया गया। इस पर महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App