वोट उसी को…जो आवारा पशुओं से दिलाए निजात

By: Oct 26th, 2017 12:05 am

भोरंज —  उपमंडल भोरंज में लावारिस पशुओं का गदर इस प्रकार मचा है कि सड़कों और रास्तों पर लोगों का आना-जाना दूभर हो गया है। लोग दहशत में हैं। लोगों का मानना है कि जब भी चुनाव आते हैं, तो लोग कहते उन्हें वोट दें, वे अब पशुओं से लोगों को मुक्ति दिलवा देंगे, लेकिन जीतने के बाद कोई इस समस्या की ओर ध्यान नहीं देता है। लावारिस पशु राह चलते लोगों को मार रहे हैं। उपमंडल भोरंज के तहत धिरड़ पंचायत के नगरोटा गजियां के राजेश शर्मा पुत्र पुरुषोत्तम लाल शर्मा को बुधवार सुबह लगभग साढे़ सात बजे एक लावारिस बैल ने पीछे से टक्कर मार कर बुरी तरह से घायल कर दिया। उसे नजदीकी आयुर्वेदिक अस्पताल में उपचार करवाया। लोगों का मानना है कि एक तो फसल को लावारिस पशु चट कर रहे हैं। फसल बचाने के लिए उन्होंने अपनी जेब से लोहे की कंटीली तार लगवाई है, लेकिन अब यह लावारिस पशु घरों में भी घुस रहे हैं। लगता है अब खड्डों और नालों में पानी खत्म हो गया है, प्यास के मारे यह घरों में घुस कर लोगों को घायल कर रहे हैं। इस बार भोरंज क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वोट उसी को दिया जाएगा, जो लावारिस पशुओं से भोरंज के लोगों को निजात दिलवाए। सैकड़ों लावारिस पशु दिन-रात क्षेत्र में घूम रहे हैं। लोगों ने इनके भय से खेतीबाड़ी करना तक छोड़ दिया है। भोरंज ब्लॉक के मुख्य कस्बों जाहू, सुलगवान, मुंडखर, लदरौर, बस्सी, पट्टा में लावारिस पशुओं की भरमार है। इन पशुओं ने सड़कों को अपना ठिकाना बना लिया है। दिन-रात पशु सड़कों और पुलों पर बैठे रहते हैं। गांव खड्ड बाजार, नगरोटा, समकरी, मन्वी, जाहू, डोहग, कांगूघटी, लुदर महादेव, भलवाणी, ठारा, उखली, मुंडखर, जमली, नैली के लोगों संतोष कुमार, संत राम, रेखा कुमारी, पदमा शर्मा, उमा देवी, कमल शर्मा, सुरेखा देवी, रजनी कुमारी, हंसराज, कमल कुमार, अशोक कुमार, कुलदीप कुमार, उमेश, उषा शर्मा, रतनी देवी ने बताया कि लावारिस पशुओं परेशान कर रखा है। इस समस्या से शीघ्र अतिशीघ्र निजात दिलाई जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App