प्रशासनिक फेरबदल बदलेगा सरकार की दिशा

By: May 14th, 2018 12:01 am

गलियारों में हो रही खूब चर्चा; कई अधिकारी शक्तिशाली, कइयों का कद कम हुआ

शिमला – जयराम सरकार का प्रशासनिक फेरबदल क्या सरकार की दिशा बदलेगा, इस पर चर्चा शुरू हो गई है। शनिवार को अवकाश के दिन मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों की तबादला सूची को मंजूरी दी, जिसमें जिस तरह से अफसरशाही को फेंटा गया है, उससे यह चर्चा आम हो गई है कि इस दफा मुख्यमंत्री ने अपने मन की, की है। अभी तक चर्चा यह रही है कि सरकार बनने के बाद अपनी पसंद के अधिकारियों को जयराम तैनाती नहीं दे सके, लेकिन इन तबादलों के बाद उनकी सोच सामने आई है। उन्होंने कईर् अधिकारियों को चार महीने तक देखा, जिनकी कार्य कुशलता और कार्यशैली को परखा। कुछ अधिकारी तो कसौटी पर खरे उतरे, मगर कई इसमें औंधे मुंह गिरे भी हैं। इस तबादला सूची से साफ हो गया है कि सरकार आखिर आने वाले समय में क्या कुछ चाहती है। अफसरशाही में इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है और सभी अपने-अपने आकलन भी लगा रहे हैं। कुछ अधिकारियों, जिनके पास पहले अधिक शक्तियां दी गई थीं, वे उनसे वापस ले ली गई हैं और जिनके पास उतनी ताकत सरकार में नहीं थी, उनको शक्तिशाली बनाया गया है। इस पर जयराम ठाकुर ने अपने फार्मूले से काम किया और उनका यह फार्मूला आने वाले समय में क्या रंग दिखाता है, यह समय बताएगा। बहरहाल इन तबादलों से सरकार अपनी दिशा बदलने की सोच रही है ये साफ है। राजनीतिक गलियारों पहले यह चर्चा आम थी कि अफसरशाही काम नहीं कर रही है, जिस कारण से नई सरकार अब तक कोई रिजल्ट नहीं दे सकी। इतना ही नहीं, यह भी कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री कार्यालय में फंसी फाइलें निकलने का नाम नहीं ले रहीं। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय से मनीषा नंदा को हटाकर डा. श्रीकांत बाल्दी पर विश्वास जताया है, वहीं आरडी धीमान से भी प्रमुख विभाग वापस ले लिए हैं। इतना ही नहीं, प्रबोध सक्सेना व निशा सिंह को भी कमजोर किया है। हालांकि प्रबोध सक्सेना के पास अभी 15 मई तक उनके पुराने विभाग भी बने रहेंगे, लेकिन बाद में उनको अहम महकमे छोड़ने होंगे।

अग्रवाल अभी छुट्टी पर

सरकार ने प्रतिनियुक्ति से लौटे अतिरिक्त मुख्य सचिव बीके अग्रवाल को गृह एवं सतर्कता विभाग तो सौंपा ही है, साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण का अतिरिक्त काम भी दिया है। वह 15 तक अवकाश पर हैं, जिसके चलते अभी ये विभाग प्रबोध सक्सेना के पास ही रहेंगे।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App