भागसूनाग में महिलाओं के लिए अलग स्विमिंग पूल

By: Jul 20th, 2019 12:02 am

बौद्ध नगरी मकलोडगंज में डीसी ने पेंडिंग चल रहे विकास कार्यों का लिया जायजा, पार्किंग का भी जल्द किया जाएगा निर्माण

धर्मशाला –बौद्ध नगरी मकलोडगंज के भागसूनाग मंदिर में अब महिलाओं के स्नान करने के लिए अलग से स्विमिंग पूल का निर्माण किया जा रहा है।  इससे भागसूनाग मंदिर में पहुंचने वाली महिला पर्यटकों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। वहीं, वर्षों से अपनी दयनीय हालत पर आंसू बहा रही नड्डी डल झील के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जल्द ही शुरू किया जाएगा। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने मकलोडगंज, भागसूनाग और नड्डी में रुके विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने भागसूनाग में निर्माणाधीन महिला स्विमिंग पूल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर डल मंदिर कमेटी के ट्रस्टी अशोक जरियाल एंडी और शमशेर सिंह नैहरिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व उपायुक्त ने रुके हुए विकास कार्यों को जल्द पूरा करने की बात कही है, जिससे समस्त क्षेत्र में खुशी की लहर है।

झील में गंदगी न फैलाएं

डल झील के आसपास किसी भी तरह की गंदगी न फैलाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।  मकलोडगंज, भागसूनाग व डल झील देखने के लिए देश तथा विदेशों से लाखों पर्यटक आते हैं तथा इन क्षेत्रों में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App