एक नजर

By: Aug 11th, 2019 12:02 am

यांमार में भू-स्खलन अब तक 30 की मौत

रंगून। पूर्वी म्यामांर के एक गांव में मानसून की बारिश के कारण हुए भू-स्खलन में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। आपात कर्मियों ने सैकड़ों लापता लोगों की तलाश शनिवार को भी जारी रखी। यह घटना मोन प्रांत में हुई, जहां 16 मकान और एक मठ बह गया। घायलों की संख्या भविष्य में बढ़ सकती है। जीवित बचे लोगों की तलाश करने और कीचड़ में से शव निकालने के लिए खोज एवं बचाव दल रात भर काम में लगे रहे। स्थानीय प्रशासक म्यो मिन तुन ने बताया कि अभी तक हमें 30 शव मिले हैं और 47 लोग घायल हैं।

यमन में संघर्ष, 30 लोगों की जान गई

मास्को। यमन के अदन शहर में शनिवार को सुरक्षाबलों और अलगावादियों के बीच सैन्य शिविर में संघर्ष में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। खबर के अनुसार यह हमला राष्ट्रपति आवास के नजदीक हुआ और साउथर्न ट्रांजिशनल काउंसिल अलगावादियों ने संघर्ष के बाद शिविर पर कब्जा कर लिया है। उल्लेखनीय है की अदन शहर में देश के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त अधिकारियों की अस्थायी सीट है। इस क्षेत्र में बुधवार से ही संघर्ष जारी है।

रूस के सैन्य डिपो में आग, 12 लोग घायल

कार्सनोयार्क्स। रूस में कार्सनोयार्क्स क्षेत्र के अचिंस्क जिला के पास सैन्य डिपो में आग लग गई, जिसके बाद इलाके में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि हां अचिंस्क जिला में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई है। रूस सेंट्रल मिलिट्री जिला की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आग सैन्य डिपो के बारूद रैक तक पहुंच गई, जिसके बाद हुए विस्फोट में नौ लोग घायल हो गए है। इससे पहले सोमवार को भी सैन्य डिपो में आग लग गई थी, जिसमें 12 लोग घायल हो गए थे तथा एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

यूनान में दो नावें टकराईं, दो की मौत

एथेंस। यूनान के पेलोपोनिसे प्रायद्वीप के पूर्व में स्थित अर्गोलिक खाड़ी में शुक्रवार रात को दो नावों के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हेलेनिक तटरक्षक दल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा पोर्टो चेली और स्पेट््स द्वीप के बीच हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक दस विदेशी पर्यटकों के साथ नाव मछली पकड़ने वाली दूसरी नाव से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन यूनानी नागरिक दुर्घटना के शिकार हो गए।

पाक के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में शनिवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र ने यह जानकारी दी। केंद्र के अनुसार भूकंप के झटके पूर्वाह्न 11 बजकर 43 मिनट पर महसूस किए गए। इसका केंद्र अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान सीमा के पास 70 किलोमीटर की गहराई में बताया जा रहा है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक भूकंप के तेज झटके पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत, इस्लामाबाद और पूर्वी पंजाब प्रांत के कुछ जिलों में महसूस किए गए।

अफगानिस्तान में दस ने छोड़ी आतंक का राह

काबुल। अफगानिस्तान के घोर प्रांत में दस तालिबानी आतंकवादी आतंक का रास्ता छोड़कर सरकार समर्थित शांति प्रक्रिया में शामिल हो गए हैं। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता अब्दुल हई खातिबी ने शनिवार को बताया कि इन आतंकवादियों ने आतंकवाद का रास्ता छोड़कर सरकार की ओर से शुरू किए गए शांति प्रक्रिया में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तालिबान कमांडर मावलावी रफीक की अगवाई में हिंसा का रास्ता अपनाने वाले दस तालिबान लड़ाकों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने, अपने हथियारों का समर्पण करने तथा शांति प्रकिया में शामिल होने की घोषणा की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App