कल से हिमाचल के सात जिलों में भारी बर्फबारी का अलर्ट
राज्य के पहाड़ी इलाकों में एक सप्ताह तक हिमपात की संभावना
लाहौल स्पीति और किन्नौर का माइनस में पारा
मौसम केंद्र ने उंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी को लेकर जारी की चेतावनी
शिमला –हिमाचल के सात जिलों में 12 व 13 दिसंबर को भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इसके साथ ही राज्य के पहाड़ी इलाकों में एक सप्ताह तक हिमपात की संभावना भी जताई है। शिमला, कुल्लू, चंबा, लाहौल स्पीति, किन्नौर के साथ- साथ मंडी और सिरमौर जिलों के उंचाई वाले इलाकों में 12 व 13 दिसंबर को मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र मनमोहन सिंह ने कहा कि पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर 16 दिसंबर तक जारी रहने के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में 14 दिसंबर तक गरज के साथ बारिश होगी। बता दें कि प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान के जमाव बिंदू के नीचे चले जाने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनजातीय जिलों लाहौल स्पीति और किन्नौर में सर्दी के कहर से झीलों झरनों व नालों का पानी जमा होने लगा है। सर्दी के प्रकोप से फिलहाल निजात मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राज्य में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। सूबे के मध्यपर्वतीय व उच्च पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा बीते 24 घंटों के दौरान लाहौल- स्पीति का केलांग सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा मनाली में 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कहां कितना रहा तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
शिमला 16.0 5.9
सुंदरनगर 18.8 1.2
भुंतर 17.0 1.3
कल्पा 8.5 -0.1
धर्मशाला 14.8 7.4
ऊना 22.7 5.0
सोलन 20.0 2.7
नाहन 18.8 10.3
केलांग 2.3 -6.3
कांगड़ा 18.0 5.4
बिलासपुर 21.0 6.0
हमीरपुर 21.2 5.8
चंबा 15.5 4.7
डलहौजी 11.2 7.3
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
