मंत्रिमंडल का विस्तार 27 के बाद

By: Dec 23rd, 2019 12:01 am

मुस्कुराकर सवाल का जवाब दे गए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर; बोले, जल्द भरे जाएंगे खाली पद

शिमला- कैबिनेट के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातार कतार में लगे नेताओं का इंतजार बढ़ा रहे हैं। एक दफा फिर से उन्होंने दावेदारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। कैबिनेट विस्तार के सवाल पर मुस्कुराकर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि 27 दिसंबर के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार भी कर दिया जाएगा। मंत्रिमंडल में जल्दी ही दो खाली पद भर दिए जाएंगे, जिनकी चर्चाएं चल रही हैं। अभी मंत्रिमंडल में सब कुछ ठीक चल रहा है, जश्न के बाद ये खाली पद भरने की सोचेंगे। सीएम ने मुस्कुराकर जो जवाब दिया, उससे साफ लग रहा है कि अब इंतजार खत्म होने वाला है। सरकार के सामने अभी दो अहम मामले हैं, जिनमें एक मंत्रिमंडल का विस्तार और दूसरा भाजपा का अध्यक्ष। नए अध्यक्ष की ताजपोशी के साथ सीएम ने पहले ही कहा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार भी हो जाएगा। इस पर एक दफा फिर सीएम ने संकेत दिए हैं। बता दें कि मंत्रिमंडल में जगह पाने को सबसे पहली दावेदारी राकेश पठानिया की है। नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया सीएम का विश्वास जीतने में कामयाब हुए हैं, जो कठिनाइे के दौर में सीएम के अंग संग दिखाई देते हैं और ऐसे साथियों की जरूरत भी इस समय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को है। इनके अलावा बताया जाता है कि अनिल शर्मा को दोबारा मंत्रिमंडल में लेने की चर्चाएं चल रही हैं। उनके दिल्ली कनेक्शन के बारे में सभी लोग जानते हैं।  उनके बेटे के रिश्तेदार खुद सलमान खान हैं और सलमान खान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रिश्ते किसी से छिपे नहीं हैं। ऐसे में दिल्ली से यह दबाव की राजनीति चल रही है। अनिल शर्मा सीएम के साथ भी दिखाई देने लगे हैं।

बिंदल भी मंत्री पद की हसरत में

विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल भी मंत्रीपद हासिल करना चाहते हैं, जिन्होंने भी कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से तार भिड़ा रखे हैं। इनके साथ विक्रम सिंह जरयाल भी बड़े दावेदारों में शामिल हैं। चंबा जिला से उनकी दावेदारी भी पुख्ता है, जो भी लगातार इस रेस में बने हुए हैं। सुखराम चौधरी भी अपनी वरिष्ठता के आधार पर मंत्रिपद की चाह रखते हैं और उनका नाम भी दावेदारों की फेहरिस्त में शुमार है। ऐसे में अब देखना यह है कि मंत्रिपद पर किसकी लॉटरी कब तक लगती है। वैसे सीएम की मुस्कुराहट के पीछे कई राज छिपे दिखते हैं, जिनका खुलासा दो साल जश्न के बाद ही होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App