छत्तीसगढ़ के पांच नगर निगम चुनावों में कांग्रेस का डंका

By: Jan 7th, 2020 12:02 am

रायपुर  – छत्तीसगढ़ के पांच नगर निगमों में महापौर के सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारते हुए सभी में जीत दर्ज की हैं। रायपुर नगम निगम में महापौर के पद पर कांग्रेस के एजाज ढ़ेबर ने भाजपा के मृत्युजंय दुबे को 41 के मुकाबले 29 मतों से शिकस्त दी। रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों में कांग्रेस ने 34, भाजपा ने 9 तथा सात पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की थी। सभी सात निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन देने से उसकी जीत सुनिश्चित हो गई थी। रायपुर नगर निगम पर कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार महापौर के पद पर कब्जा किया है। दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस के धीरज बाकलीवाल महापौर चुने गए है। उन्होंने भाजपा के नरेंद्र बंजारे को 20 मतों से शिकस्त दी। दुर्ग नगर निगम के 60 सदस्यीय सदन में पार्षद के चुनाव में कांग्रेस को 30,भाजपा के 16 निर्दलीय 13 एवं जनता कांग्रेस का एक उम्मीदवार निर्वाचित हुआ था। दुर्ग नगर निगम पर 20 वर्षों बाद कांग्रेस को महापौर बनाने में सफलता मिली है। चिरमिरी नगर निगम में कांग्रेस की कंचन जायसवाल निर्विरोध महापौर चुनी गई है। 40 सदस्यीय  नगर निगम के सदन में कांग्रेस के 24 पार्षद चुने गए थे, जबकि एक निर्दलीय बाद में कांग्रेस में शामिल हो गया था। कंचन जायसवाल कांग्रेस के मनेंद्रगढ़ विधायक डा.विनय जायसवाल की पत्नी है। रायगढ़ नगर निगम में कांग्रेस की जानकी काटजू एवं धमतरी नगर निगम में कांग्रेस के विजय देवांगन महापौर चुने गए है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App