समय की तपशिला

By: Feb 13th, 2021 12:20 am

श्रीराम शर्मा

दान अर्थात देनाः ईश्वर प्रदत्त क्षमताओं को जाग्रत विकसित करना और उससे औरों को भी लाभ पहुंचाना। यही है पुण्य परमार्थ सेवा स्वर्गीय परिस्थितियां इसी आधार पर बनती हैं। वस्तुतः समयदान तभी बन पड़ता है, जब अंतराल की गहराई में, आदर्शों पर चलने के लिए बेचैन करने वाली टीस उठती हो। महान मनीषियों की साधना समय की तपशिला पर बैठकर ही संभव हुई है। उन्होंने जो सोचा जो सृजा है, उसके पीछे उनकी तन्मयता भरी समय साधना ही रही है। वैज्ञानिकों,आविष्कारों ने अपना मानस और समय, प्रमुखतापूर्वक निर्धारित लक्ष्य पर केंद्रित न किया होता, तो सफलता की आशा कहां बन पड़ती? लोक सेवियों ने अपने समयदान के सहारे एक से एक बड़े कार्य संपन्न कर दिखाए हैं। धन न सही, पर समय को साथ लेकर तो फरहाद जैसे साधनहीन भी अपनी साधना के बल पर बत्तीस मील लंबी नहरें खोदकर ला सकने में सफल हो सकते हैं। धन भौतिक पुरुषार्थ और सुयोगों के संयोग का प्रतिफल है। इस स्थिति को प्राप्त कर सकना इन दिनों सभी के लिए संभव नहीं है। ऐसी दशा में पुण्य परमार्थ के लिए धन, दान को गौण मानकर, दृष्टि उस संपदा पर जमानी होगी, जो हर किसी को सृष्टा ने उदारतापूर्वक प्रदान की है। समय-समय की कडि़यों से जुड़कर ही जीवन श्रृंखला विनिर्मित होती है। उसका उदार उपयोग तभी बन पड़ता है जब प्रयोजन में गहरी रुचि हो। अरुचिकर काम चाहे कितने ही अच्छे समझे जाते हों, उनके लिए मन में इच्छा ही नहीं होती।

 जिस कार्य में मन नहीं लगता वह या तो प्रारंभ ही नहीं होता या फिर आधा-अधूरा कुबड़ा भर रहकर बीच में ही छूट जाता है। परिवार में, धन के उपरांत दूसरे पदार्थ समय की ही गणना होती है। वह सर्व साधारण के लिए सुलभ भी है और उसके सदुपयोग की जांच,पड़ताल मोटी बुद्धि से भी करते बन पड़ती है। विचारशीलों से परामर्श करने पर, उसके लिए सहज मार्गदर्शन भी मिल जाता है। स्वार्थी बहुत देर तक उसका अनुचित शोषण भी नहीं कर पाते। ये समय ठीक ऐसा ही है। इस समय में मेरी आप लोगों में से प्रत्येक से प्रार्थना है कि आप समय का थोड़ा सा अंश निकाल दें। हमने कितनी बार कहा और कितनी बार छापा है कि आप समयदान कीजिए, समयदान कीजिए। आपने सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण के समय पर देखा है। चिल्लाते हैं, चंद्रमा पर ग्रहण पड़ा हुआ है, दान कीजिए, दान कीजिए। इस समय में हमारी भी एक ही पुकार है, समय की भी एक ही पुकार है, महाकाल की भी एक ही पुकार है कि आप समय दीजिए, समय खर्च कीजिए। आप लोगों से भी मेरी यही प्रार्थना है कि लोगों की समझदारी बढ़ाने के लिए अपने समय का जितना अंश आप लगा सकते हों, उतना अंश लगाएं। अगर आपके थोड़े से प्रयास से ही सही किसी को ज्ञान मिले, तो यह अपने आपमें बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App